जमीन विवाद में उलझे रेसलर खली
नाहन, 06 दिसंबर (हि.स.)। पांवटा साहिब का बहुचर्चित जमीनी विवाद अब उबाल पर है। ग्रेट खली और राजस्व विभाग के बीच चली तनातनी में अब एक और बड़ा मोड़ आ गया है। विवादित भूमि के असली मालिक होने का दावा करने वाले आर्मी रिटायर्ड बुजुर्ग अब खुलकर सामने आ गए हैं और उन्होंने ग्रेट खली पर गंभीर आरोप ठोक दिए हैं।
शनिवार को आर्मी रिटायर्ड वीरेंद्र ने प्रेस के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यह जमीन हमारी है, इसकी निशानदेही 58 वर्ष पहले ही पूरी हो चुकी थी। सारे दस्तावेज और प्रमाण हमारे पास सुरक्षित मौजूद हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रेट खली अपने सेलिब्रिटी स्टेटस का गलत लाभ उठाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं और राजस्व अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों तहसीलदार ऋषभ शर्मा, पटवारी और पूरी राजस्व टीम को ईमानदार, निष्पक्ष और कर्तव्यनिष्ठ बताते हुए कहा कि पूरा विभाग कानून के मुताबिक सही कार्यवाही कर रहा है।
इसके बावजूद भी ग्रेट खली द्वारा अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को आर्मी रिटायर्ड ने झूठा, निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अब जब ग्रेट खली लगातार सोशल मीडिया पर आ रहे हैं। अभी इस संबंध में उन्होंने पहले एक महीना पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दी थी लेकिन अब डीसी, एसपी और मुख्यमंत्री का दरवाजा खटखटाएंगे और न्याय की गुहार लगाएंगे।
उन्होंने चुनौतीपूर्ण लहजे में कहा कि ग्रेट खली चाहे कितने ही बड़े स्टार क्यों न हों, अगर उन्हें दोबारा निशानदेही करानी है तो हम पूरी तैयारी के साथ खड़े हैं। सबूत हम प्रशासन के सामने ही रखेंगे, न कि जनता को गुमराह करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर