कसौली हेरिटेज मार्केट में भीषण आग, 8 दुकानें जलकर खाक, करीब 3 करोड़ का नुकसान

 

सोलन, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिला सोलन के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसौली स्थित हेरिटेज मार्केट में सोमवार तड़के करीब 4 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, जिससे आग तेजी से फैल गई और आठ दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया। इस अग्निकांड में करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए चार अग्निशमन वाहनों को तुरंत तैनात किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने बताया कि प्रभावित आठ दुकानदारों को जिला प्रशासन की ओर से फौरी राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग और विद्युत बोर्ड ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभाला।

इस हादसे में गुरुदीप आनंद, अविनाश सहगल, गौरव कुमार गुप्ता, अमन चोपड़ा, बलदेव किशन, रमेश कुमार, विशाल अग्रवाल और भूपेंद्र सिंह की दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। इनमें गिफ्ट आइटम, फास्ट फूड, स्वीट्स और मेडिकल स्टोर शामिल हैं।

उपमंडलाधिकारी कसौली की रिपोर्ट के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग तीन करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा