चुवाड़ी कॉलेज तथा मनहोता स्कूल के छात्र छात्राओं ने देखी विधान सभा की कार्यवाही, अध्यक्ष से मुलाकात कर पूछे कई सवाल
धर्मशाला, 18 नवंबर (हि.स.)। धर्मशाला के तपोवन में चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान कॉलेज और स्कूली बच्चे सत्र की कार्यवाही से रूबरू होने के लिए तपोवन पंहुच रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को विधानसभा चंबा जिला के राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी तथा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनहोता, भटियात निर्वाचन क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने तपोवन विधान सभा में चल रहे 14वीं विधान सभा के 13वें सत्र की तीसरे दिन की कार्यवाही को सदन में देखा व तत्पश्चात तपोवन विधान सभा परिसर में विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात कर उनसे संसदीय प्रणाली, विधान सभा व स्पीकर के चुनाव सम्बन्धित कई प्रश्न पूछे जिसका विधान सभा अध्यक्ष ने सिलसिलेवार जवाब दिया। विधान सभा अध्यक्ष ने स्वयं भी छात्रों से लोकतान्त्रिक प्रणाली, संविधान तथा विधान सभा के इतिहास सम्बन्धी प्रश्न पूछे जिनका छात्रों ने जवाब देने का प्रयास किया। विधान सभा अध्यक्ष ने छात्र–छात्राओं से पूछा कि आपने सदन की कार्यवाही के दौरान क्या देखा तब सभी ने उस पर अपनी–अपनी प्रतिक्रियाएं दी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया