वेस्ट वाररियर्स संस्था ने बीड़ में व्यावसायिक संस्थानों से कचरा उठाने की सेवा शुरू की

 


धर्मशाला, 13 जुलाई (हि.स.)। वेस्ट वॉरियर्स सोसायटी ने उप-मंडल कार्यालय, बैजनाथ के सहयोग से सोमवार से बीड़ में दुकानों, होटलों, कैफे और अन्य व्यावसायिक संस्थानों से सूखा और गीला कचरा घर-घर से एकत्र करने की सेवा शुरू की। इस सेवा की शुरुआत उप-मंडलाधिकारी (एसडीएम), बैजनाथ, संकल्प गौतम ने कचरा संग्रहण वाहन को हरी झंडी दिखाकर की। इस मौके पर तिब्बती समुदाय के प्रतिनिधि, पूर्व पंचायत प्रतिनिधि, वन विभाग, नगर परिषद (एमसी) बैजनाथ के अधिकारी, स्थानीय स्वयंसेवक, वेस्ट वॉरियर्स बीड़ टीम और कई अन्य लोग मौजूद रहे। अब यह वाहन सप्ताह में दो बार हर व्यावसायिक संस्थान से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र करेगा। यह सेवा सप्ताह में छह दिन चलेगी।

कार्यक्रम के बाद स्थानीय स्वयंसेवक आर्यन ने वेस्ट वॉरियर्स सोसायटी के साथ मिलकर बीड़ लैंडिंग साइट पर सफाई अभियान चलाया। इस अभियान में एसडीएम बैजनाथ, वेस्ट वॉरियर्स सोसायटी की टीम और स्थानीय स्वयंसेवकों सहित लगभग 20 लोगों ने भाग लिया। सफाई अभियान के दौरान 71 किलोग्राम मिश्रित सूखा कचरा एकत्र किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम बैजनाथ ने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और पहाड़ी क्षेत्रों की स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई रखना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों का भी सहयोग जरूरी है। यह पहल बीड़ को साफ, सुंदर और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय प्रशासन, व्यापारियों और आम लोगों के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया