शाहपुर वॉर मेमोरियल का निर्माण कार्य शीघ्र होगा पूर्ण : केवल सिंह पठानिया

 


धर्मशाला, 14 जून (हि.स.)। शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित किए जा रहे शाहपुर वॉर मेमोरियल का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने यह जानकारी शाहपुर सैनिक लीग के सदस्यों के साथ हुई बैठक में दी।

बैठक में शाहपुर में निर्माणाधीन वॉर मेमोरियल के निर्माण कार्य तथा उससे जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि यह वॉर मेमोरियल देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के सम्मान का प्रतीक बनेगा तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान से प्रेरणा प्रदान करेगा।

बैठक के दौरान पूर्व सैनिकों ने भी वॉर मेमोरियल से संबंधित अपने सुझाव एवं विचार साझा किए, जिन पर सकारात्मक चर्चा करते हुए उन्हें यथासंभव शामिल करने का आश्वासन दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया