त्रियूंड ट्रैक पर भटके दो युवक किए रेस्क्यू, एक घायल टांडा रेफर
धर्मशाला, 31 मार्च (हि.स.)। मैक्लोडगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध ट्रैकिंग स्थल त्रियूंड ट्रैक पर भारी बारिश और ओलावृष्टि के बीच रास्ता भटक जाने से दो युवक फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार आपातकालीन सेवा 108 सोलन से पुलिस थाना मैक्लोडगंज को सूचना प्राप्त हुई कि अनमोल नामक युवक ने फोन कर बताया कि उसका दोस्त गगनदीप त्रियूंड ट्रैक पर लापता हो गया है। इसके बाद डीडीएम कंट्रोल रूम धर्मशाला को सूचित कर मौके के लिए टीम रवाना की गई। रेस्क्यू टीम ने देर रात करीब 2:30 बजे त्रियूंड क्षेत्र से गगनदीप को सुरक्षित बाहर निकाला और एम्बुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए स्टेटमेंट देने के लिए अयोग्य बताया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि कर्ण चड्डा निवासी जिला चंबा अपने चार दोस्तों गगनदीप, अनमोल, श्वेत और साहिल के साथ सोमवार सुबह करीब 10 बजे त्रियूंड ट्रैकिंग के लिए निकले थे। तीन युवक पहले पहुंच गए, जबकि गगनदीप और अनमोल पीछे रह गए। इस दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और भारी बारिश, ओलावृष्टि व बिजली गिरने के कारण दोनों रास्ता भटक गए। अनमोल ने फोन कर बताया कि वे दोनों रास्ते में चीड़ के पेड़ के नीचे रुके हुए हैं। इसके बाद अन्य साथियों ने उन्हें ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। एसडीआरएफ टीम ने तलाश अभियान चलाकर दोनों युवकों को खोज निकाला। अनमोल सुरक्षित पाया गया, जबकि गगनदीप को गिरने के कारण मामूली चोटें आईं और वह घबराया हुआ था। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि खराब मौसम के चलते यह घटना हुई। फिलहाल घायल युवक को उसके दोस्त इलाज के लिए टांडा ले गए हैं और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया