ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स ने जताया सांसद अनुराग शर्मा का आभार

 


धर्मशाला, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जिला कांगड़ा के विभिन्न ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा से मिला और जिला कांगड़ा में वॉहन की पॉसिंग को मैन्युअल रूप से दोबारा शुरू करने के लिए राज्यसभा सांसद का आभार जताया। बीड-बिलिंग टैक्सी मैक्सी यूनियन बैजनाथ, टैक्सी यूनियन बैजनाथ, ऑटो यूनियन ज्वाला जी, ट्रक यूनियन मारण्डा, ट्रक यूनियन पालमपुर, महावीर टैक्सी यूनियन, वीर यूनियन पालमपुर, धर्मशाला टैक्सी यूनियन और पालमपुर टैक्सी यूनियन ने राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा का आभार जताते हुए कहा कि मात्र उनके प्रयासों से वाहनों की पासिंग को मैन्युअल करवाया जा सका है।

प्रतिनिधि मंडल को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से ही केंद्रीय मंत्री ने ऑपरेटर की मांग को गंभीरता से सुना और इस जनहित निर्णय को लागू किया।

उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टर की अन्य लंबित पड़ी मांगों को भी जल्द ही मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर उनके सुलझाने के प्रयास किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया