सुरक्षित बचपन अभियान के तहत चयनित शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

 


धर्मशाला, 25 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कांगड़ा स्थित धर्मशाला द्वारा चयनित शिक्षकों के लिए आयोजित संरचित प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हुआ। अभियान के प्रथम चरण के तहत जिले के 78 विद्यालयों के 156 नामित शिक्षकों (प्रत्येक विद्यालय से दो प्रभारी शिक्षक) के लिए 19, 21 एवं 25 नवंबर को जिला न्यायालय परिसर धर्मशाला के समीप स्थित एडीआर केंद्र में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 25 नवंबर को प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम दिन रहा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा स्थित धर्मशाला के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य चयनित शिक्षकों को बाल संरक्षण, बच्चों के अधिकारों तथा बाल यौन शोषण की रोकथाम से जुड़े कानूनी एवं व्यावहारिक पहलुओं के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे विद्यालय स्तर पर बच्चों को जागरूक करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों ने संसाधन व्यक्तियों के रूप में भाग लिया। प्रथम सत्र में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आर. मिहुल शर्मा तथा जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीओ) की अधिकारी रूमा गुलरिया ने पॉक्सो अधिनियम, 2012 की मूलभूत जानकारी तथा इसके अंतर्गत अपराध एवं दंड और पॉक्सो नियम, 2020 के संबंध में जानकारी प्रदान की।

द्वितीय सत्र में उप मुख्य विधिक सहायता बचाव अधिवक्ता मनीष चंद कटोच ने रिपोर्टिंग एवं जवाबदेही, ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर ग्रूमिंग, चित्रों को साझा करने से संबंधित जोखिम एवं सेक्सटॉर्शन, बच्चों द्वारा शोषण की जानकारी दी गई।

तृतीय सत्र में साइबर पुलिस की एसआई कमल राणा ने नि:शुल्क विधिक सहायता, विद्यालय प्रभारी एवं विधिक साक्षरता क्लबों की भूमिका, गोपनीयता एवं बच्चों की पहचान की सुरक्षा, नालसा की बच्चों के लिए बाल-अनुकूल विधिक सेवाएं योजना, 2024 तथा प्रशिक्षित विधिक सेवा प्रदाताओं के संबंध में जानकारी दी।

वहीं चतुर्थ सत्र में क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला की मनोवैज्ञानिक ज्योति ने बाल-अनुकूल प्रक्रिया एवं बाल मनोविज्ञान से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतिम दिन आर. मिहुल शर्मा ने कहा कि शिक्षक बच्चों के साथ नियमित संपर्क में रहते हैं और बाल संरक्षण से संबंधित मामलों की पहचान एवं उचित सहायता उपलब्ध करवाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से चयनित शिक्षकों को बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों, साइबर सुरक्षा, बाल-अनुकूल प्रक्रियाओं तथा बाल मनोविज्ञान के विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया