धर्मशाला में 28 से 30 मई तक होगा तिब्बती संस्कृति उत्सव का आयोजन
धर्मशाला, 26 मई (हि.स.)। जिला मुख्यालय धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में लोगों को तीन दिनों तक तिब्बती संस्कृति को जानने का मौका मिलेगा। तीन दिवसीय तिब्बतियन सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन 28 से 30 मई तक किया जा रहा है, जिसमें तिब्बती संस्कृति की छटा बिखरेगी। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के प्रवक्ता तेंजिन लेक्शे ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि तिब्बती सांस्कृतिक उत्सव में तिब्बती संस्कृति व परंपरा को प्रदर्शित किया जाएगा। इस दौरान तिब्बती संस्कृति की छठा बिखेरते सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा, वहीं किताबों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। तिब्बत संस्कृति को जानने के इच्छुक लोगों के लिए यह कार्यक्रम काफी सहायक होगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजन का मकसद तिब्बती और भारतीयों के बीच सांस्कृतिक समन्वय स्थापित करना भी है।
गौरतलब है कि तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा के 90वें जन्मदिन वर्ष को तिब्बती समुदाय कम्पैशन ईयर के रूप में मना रहा है, जिसके चलते धर्मगुरु पर बनी फिल्म भी हिंदी में प्रदर्शित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया