टैट परीक्षा का परिणाम घोषित, 22.56 प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम
धर्मशाला, 22 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा जून-2026 में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (टैट) का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया गया। परीक्षा में 6,744 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। जबकि 23,154 अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए। इस प्रकार परीक्षा परिणाम 22.56 प्रतिशत रहा है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड द्वारा प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में 10 विषयों में शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए कुल 32,531 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 29,900 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 2,631 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
10 विषयों में आयोजित इस परीक्षा में स्पेशल एजुकेटर टैट (कक्षा छठी से 12वीं) का परिणाम सभी विषयों में सर्वाधिक रहा। इस परीक्षा में 88 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें से 82 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। इस प्रकार उत्तीर्ण प्रतिशत 93.18 प्रतिशत रहा। वहीं स्पेशल एजुकेटर TET (प्री-प्राइमरी से कक्षा 5) में 320 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 136 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और परिणाम 42.50 प्रतिशत रहा।
जेबीटी का परिणाम 52.17 प्रतिशत
जेबीटी टैट के लिए 8,925 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 8,374 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए। इनमें 4,369 अभ्यर्थी उत्तीर्ण तथा 4,005 अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण रहे। उत्तीर्ण प्रतिशत 52.17 रहा।
टीजीटी आर्ट्स का महज 5.15 प्रतिशत रहा परिणाम
टीजीटी आर्ट्स में 9,647 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 497 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और उत्तीर्ण प्रतिशत 5.15 प्रतिशत रहा।
टीजीटी मेडिकल में 3,020 अभ्यर्थियों में से 161 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए तथा परिणाम 5.33 प्रतिशत रहा।
टीजीटी संस्कृत में 1,296 अभ्यर्थियों में से 205 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और उत्तीर्ण प्रतिशत 15.82 प्रतिशत रहा। टीजीटी नॉन मेडिकल में 5,067 अभ्यर्थियों में से 969 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए तथा परिणाम 19.14 प्रतिशत रहा। इसी तरह टीजीटी हिंदी में 2,013 अभ्यर्थियों में से 314 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और उत्तीर्ण प्रतिशत 15.60 प्रतिशत रहा।
इसके अलावा पंजाबी विषय में 71 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जिनमें से 9 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और परिणाम 12.68 प्रतिशत रहा।
उर्दू टैट में 4 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 2 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए और परिणाम 50 प्रतिशत रहा।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने टीईटी जून-2026 में सफल सभी अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि टीईटी जून-2026 का परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दिया गया है। अभ्यर्थी अपना परिणाम रोल नम्बर अथवा आवेदन नम्बर दर्ज करके प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा परिणाम एवं अन्य संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी देख सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया