टैट के लिए आवेदन का आखिरी मौका, 9 से 12 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन सुधार
धर्मशाला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टैट) नवंबर-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। शिक्षक बनने का सपना देख रहे जो युवा अब तक आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके लिए 8 अक्टूबर (रात 11:59 बजे तक) लेट फीस के साथ फॉर्म भरने का आखिरी मौका है। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन विंडो पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने आवेदन फॉर्म में हुई गलतियों को सुधारने के लिए 9 से 12 अक्तूबर तक ऑनलाइन करेक्शन विंडो खोलने का भी निर्णय लिया है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन करते समय अपने नाम, जन्म तिथि, विषय या शैक्षणिक योग्यता भरने में कोई चूक कर दी है, वे 9 से 12 अक्तूबर के बीच ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर इसमें आवश्यक सुधार कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अभ्यर्थी अपनी श्रेणी या उप-श्रेणी में बदलाव करना चाहता है, तो यह सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध नहीं होगी। इसके लिए अभ्यर्थी को अपने आवेदन पत्र की कॉपी, वैध श्रेणी प्रमाणपत्र और निर्धारित शुल्क (यदि लागू हो) के साथ 15 अक्तूबर तक व्यक्तिगत रूप से बोर्ड कार्यालय में आना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया