29 नवंबर को होगी चार विषयों की टेट परीक्षा, प्रदेश भर में बनाए गए 74 परीक्षा केंद्र
धर्मशाला, 26 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित की जाने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) नवंबर-2026 के तहत चार प्रमुख विषयों के अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। बोर्ड ने आगामी 29 नवंबर को होने वाली इन परीक्षाओं के लिए एडमिट कार्ड अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। इस परीक्षा में प्रदेश भर के कुल 9,012 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे, जिसके लिए बोर्ड द्वारा पुख्ता इंतजाम करते हुए कुल 74 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि टीजीटी नॉन-मेडिकल, टीजीटी संस्कृत, स्पेशल एजुकेटर (कक्षा छठी से बारहवीं) और स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से कक्षा पांचवीं) विषयों के प्रवेश पत्र गुरुवार, 26 नवंबर से ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए गए हैं। ये सभी परीक्षाएं 29 नवंबर, 2026 को दो अलग-अलग सत्रों में संपन्न होंगी और प्रत्येक परीक्षा की अवधि ढाई घंटे (2 घंटे 30 मिनट) निर्धारित की गई है।
परीक्षा के शेड्यूल के अनुसार, प्रातःकालीन सत्र में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक टीजीटी नॉन-मेडिकल और स्पेशल एजुकेटर (छठी से बारहवीं) की परीक्षा ली जाएगी। इसमें टीजीटी नॉन-मेडिकल के सर्वाधिक 6,315 अभ्यर्थी 45 केंद्रों पर तथा स्पेशल एजुकेटर के 133 अभ्यर्थी 3 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। वहीं, सायंकालीन सत्र में दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक टीजीटी संस्कृत और स्पेशल एजुकेटर (प्री-प्राइमरी से पांचवीं) की परीक्षा आयोजित होगी। इसमें टीजीटी संस्कृत के 2,066 परीक्षार्थी 23 केंद्रों में और स्पेशल एजुकेटर के 498 परीक्षार्थी 3 परीक्षा केंद्रों में बैठेंगे।
अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर 'टीईटी' लिंक के माध्यम से अपना एप्लीकेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज कर आसानी से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया