टेट परीक्षा के लिए 1629 आवेदन रद्द, 31 अक्टूबर तक शुल्क सहित दस्तावेज करवा सकते हैं जमा
धर्मशाला, 27 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा टीईटी नवंबर-2026 की दस श्रेणियों की आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं के लिए कुल 39,984 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 38,355 अभ्यर्थियों के आवेदन सही पाए गए हैं, जबकि 1,629 अभ्यर्थियों ने आवेदन फॉर्म तो भरे हैं, लेकिन निर्धारित समयावधि में परीक्षा शुल्क जमा नहीं करवाया है। ऐसे अभ्यर्थी 31 अक्टूबर तक शुल्क और अन्य दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि टीईटी नवंबर-2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 सितंबर से 8 अक्टूबर, 2026 तक विलंब शुल्क सहित आयोजित की गई थी। विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत प्राप्त सही आवेदनों में स्पेशल एजुकेटर टीईटी (प्री-प्राइमरी से कक्षा पांचवीं तक) के लिए 499, स्पेशल एजुकेटर टीईटी (कक्षा छठी से बारहवीं तक) के लिए 133, टीजीटी (आर्ट्स) के लिए 14,186, टीजीटी (मेडिकल) के लिए 4,366, जेबीटी टीईटी के लिए 7,772, टीजीटी (संस्कृत) के लिए 2,066, पंजाबी टीईटी के लिए 85, उर्दू टीईटी के लिए 8, टीजीटी (नॉन-मेडिकल) के लिए 6,315 तथा टीजीटी (हिंदी) के लिए 2,925 आवेदन सही पाए गए हैं।
डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने निर्धारित तिथि तक परीक्षा शुल्क जमा नहीं करवाया है, उनके आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर उपलब्ध है।
उन्होंने आगे बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने निर्धारित तिथि के भीतर शुल्क जमा करवा दिया है, लेकिन उनका नाम एवं आवेदन संख्या रिजेक्शन लिस्ट में दर्शाई गई है, वे 31 अक्टूबर, 2026 तक शुल्क जमा करवाने से संबंधित दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में प्रस्तुत कर अपना रोल नंबर प्राप्त करने के लिए पात्र होंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया