कांगड़ा में स्वाइन फ्लू की दस्तक, जनवरी से अब तक 48 पॉजिटिव
धर्मशाला, 06 सितंबर (हि.स.)।
जिला कांगड़ा में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। जनवरी से अब तक जिले में स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले 141 लोगों की जांच की गई है, जिनमें 48 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राहत की बात यह है कि अब तक संक्रमण से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। अधिकांश मरीजों में बीमारी के लक्षण हल्के रहे और उपचार के बाद वे स्वस्थ हो रहे हैं।
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमेश भारती ने लोगों से अपील की है कि नाक बहना, गले में खराश, बुखार, बदन दर्द, खांसी अथवा अन्य फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें। उन्होंने पौष्टिक भोजन लेने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और संक्रमण को दूसरे लोगों तक पहुंचने से रोकने के लिए मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि लक्षण हल्के होने के बावजूद सावधानी नहीं बरती गई तो परिवार के अन्य सदस्यों में भी संक्रमण फैल सकता है।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह के अनुसार फ्लू जैसे लक्षण होने पर मरीज को भीड़ और सार्वजनिक स्थानों से दूरी बनानी चाहिए। घर पर पर्याप्त आराम करने, दूसरे लोगों के साथ नजदीकी संपर्क से बचने और खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया