स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 4 अक्टूबर को, 6.22 लाख के नकद पुरस्कार
धर्मशाला, 11 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला कांगड़ा की ओर से इस वर्ष भी स्वामी विवेकानंद सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर एबीवीपी के जिला संयोजक आयुष चौधरी ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 14 सितंबर से 26 सितंबर तक चलेगी, जबकि सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 4 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को 30 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा।
आयुष चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विद्यार्थियों के लिए कुल 6 लाख 22 हजार 500 रुपये के नकद पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार 31 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 21 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 15 हजार रुपये रहेगा। इसके अलावा तीन विद्यार्थियों को 11-11 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।
जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 10 हजार रुपये, द्वितीय 7 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये रखा गया है। इसके साथ तीन सांत्वना पुरस्कार, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न भी प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के पाठ्यक्रम में देश और प्रदेश के करंट अफेयर्स एवं सामान्य ज्ञान, विज्ञान, गणित, हिमाचल प्रदेश से संबंधित जानकारी तथा विद्यार्थी परिषद से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे।
आयुष चौधरी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रारंभिक अनुभव देना है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को ओएमआर शीट भरने और प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया से परिचित होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया