राज्य स्तरीय बैसाखी मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

 


धर्मशाला, 06 अप्रैल (हि.स.)। राज्य स्तरीय बैसाखी मेला-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत श्री कालीनाथ कालेश्वर मंदिर (न्यास) की समीक्षा बैठक सोमवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय प्रागपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता न्यास के संयुक्त आयुक्त व मेला अधिकारी एवं एसडीएम कुलवंत सिंह पोटन ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

एसडीएम ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन आपसी समन्वय, समयबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

उन्होंने नदी किनारे अस्थायी सड़क के निर्माण, मार्गों की मरम्मत तथा सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु चिकित्सा सेवाओं, दान पात्र, पुलिस सहायता केंद्रों, पार्किंग स्थलों आदि पर दिशा-सूचक संकेतक (साइन बोर्ड) लगाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस विभाग को पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सड़कों पर वाहनों के अनावश्यक जमाव को रोकने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। आपदा प्रबंधन के तहत त्वरित प्रतिक्रिया दल तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा साफ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय बैसाखी मेला 13, 14 एवं 15 अप्रैल, 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष विशेष रूप से पहली बार एसडीएम मेला अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे, जबकि तहसीलदार अनुजा शर्मा को असिस्टेंट मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया