स्पेशल इम्प्रूवमेंट : पुराने मूल प्रमाण पत्र जमा करवाएं एसओएस 10वीं के अभ्यर्थी
धर्मशाला, 25 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा सितंबर-2025 में आयोजित एसओएस मैट्रिक स्पेशल इम्प्रूवमेंट परीक्षा में अपने कुल अंकों में सुधार करने वाले अभ्यर्थियों को अपने पुराने मूल प्रमाणपत्र जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे सभी अभ्यर्थी, जिन्होंने स्पेशल इम्प्रूवमेंट परीक्षा के माध्यम से अपने अंकों में सुधार किया है तथा अभी तक अपना पुराना मूल मैट्रिक प्रमाण पत्र जमा नहीं करवाया है, वह एक माह के भीतर अपना पुराना मूल प्रमाण पत्र संबंधित एसओएस अध्ययन केंद्र में अनिवार्य रूप से जमा करवाने होंगे।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि बोर्ड नियमों के अनुसार स्पेशल इम्प्रूवमेंट का संशोधित प्रमाण पत्र पुराने मूल प्रमाण पत्र जमा करवाने के उपरांत ही जारी किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित एसओएस अध्ययन केंद्रों को निर्देशित किया कि वे अभ्यर्थियों से प्राप्त पुराने मूल प्रमाण पत्र एकत्रित कर उन्हें एकमुश्त शिक्षा बोर्ड मुख्यालय को तत्काल प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया