नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा लगाएं युवा : एसपी

 


धर्मशाला, 10 अगस्त (हि.स.)। मेरा युवा भारत (माय भारत) हिमाचल प्रदेश द्वारा युवा स्वयंसेवकों के लिए आयोजित छह दिवसीय आवासीय इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को कांगड़ा में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, स्वयंसेवा एवं राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ते हुए उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने युवा स्वयंसेवकों के साथ विशेष संवाद किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और समय को सकारात्मक एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं, ताकि उनकी क्षमता का उपयोग समाज और राष्ट्र के निर्माण में हो सके।

उन्होंने युवाओं को नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति विशेष रूप से जागरूक करते हुए कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के युवाओं को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने और नशा मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य आरएचएफडब्लयूटीसी छेब डाॅ. दीपाली शर्मा तथा स्टेट डायरेक्टर इंचार्ज, माय भारत हिमाचल प्रदेश ध्रुव डोगरा सहित अन्य अधिकारी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

प्रथम दिवस के दौरान नेशनल यूथ कोर योजना, स्वयंसेवा एवं नेतृत्व विकास तथा युवाओं की सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर भी प्रशिक्षण दिया गया। दिन के अंतिम सत्र में ‘नशा मुक्त युवा फाॅर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत युवाओं को तंबाकू एवं नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया