एसओएस के दो अध्ययन केंद्रों पर गिरी गाज, स्कूल शिक्षा बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से किए बंद

 


धर्मशाला, 12 नवंबर (हि.स.)।हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (एचपीएसओएस) के अध्ययन केंद्रों पर शिकंजा कसते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने सख्त कदम उठाया है। बोर्ड ने प्रदेश के दो अध्ययन केंद्रों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा के अनुसार बंद किए गए केंद्रों में जिला सोलन के दादी भोला (नालागढ़) स्थित दया शंकर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का केंद्र संख्या 1130 तथा जिला कांगड़ा के हरसर देहरी स्थित होली ब्लॉसम पब्लिक स्कूल का केंद्र संख्या 0488 शामिल हैं।

विद्यार्थियों की चिंता नहीं, मिलेगा नया केंद्र

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आगामी सत्र के लिए यदि किसी विद्यार्थी का प्रवेश इन केंद्रों के माध्यम से पहले ही हो चुका है, तो उसे निकटतम सक्रिय एवं मान्यता प्राप्त एचपीएसओएस अध्ययन केंद्र में स्थानांतरित कर समायोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों पर कोई आर्थिक बोझ न पड़े, इसके लिए अध्ययन केंद्र परिवर्तन का निर्धारित शुल्क संबंधित मूल केंद्र को ही वहन करना होगा, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

संबंधित विद्यालयों को एचपीएसओएस से जुड़े सभी अभिलेख भविष्य के संदर्भ हेतु सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें विद्यार्थियों के प्रवेश संबंधी सहायक प्रपत्र, आवश्यक दस्तावेज, प्रवेश एवं नाम वापसी रजिस्टर, शुल्क रिकॉर्ड तथा अन्य संबंधित दस्तावेज शामिल हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। इसी क्रम में दोनों विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बोर्ड कार्यालय में लिखित घोषणा-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया