एसओएस परीक्षा : केंद्र अधीक्षक के लिए अब 2 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन

 


धर्मशाला, 27 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की आगामी परीक्षाओं में ड्यूटी देने के इच्छुक शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत भरी खबर है। परीक्षा केंद्रों की संख्या में हुए हालिया इजाफे को देखते हुए, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने केंद्र अधीक्षक और उप-केंद्र अधीक्षक के पदों पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 2 सितंबर कर दी है।

प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि एसओएस की परीक्षाएं इसी वर्ष सितंबर और अक्टूबर माह में आयोजित की जानी हैं। हाल ही में बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने की अधिसूचना जारी की गई थी। इसी के मद्देनजर, पात्र शिक्षकों को ड्यूटी के लिए आवेदन करने हेतु यह अतिरिक्त समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि

जो पात्र शिक्षक किन्हीं कारणों से अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे, वे अब 2 सितंबर, 2026 तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.hpbose.org पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें वेबसाइट पर मौजूद विकल्प में जाकर 'स्कूल लॉगिन आईडी' के माध्यम से अपनी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

पुराने आवेदकों को भी मिलेगा बदलाव का मौका

बोर्ड ने उन शिक्षकों का भी विशेष ध्यान रखा है जो पहले ही इन पदों के लिए अपना आवेदन जमा कर चुके हैं। डॉ. शर्मा ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी को देखते हुए, पहले से आवेदन कर चुके शिक्षकों को भी अपने चयनित परीक्षा केंद्र में संशोधन करने का मौका दिया जाएगा। इसके लिए बोर्ड द्वारा जल्द ही एक 'करेक्शन विंडो' की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर शिक्षक अपने परीक्षा केंद्र में बदलाव कर सकें।

ऑफलाइन या देरी से आए आवेदन होंगे रद्द

बोर्ड अध्यक्ष ने शिक्षकों से आग्रह किया है कि वे तय समय सीमा के भीतर अपना आवेदन पूरा करें। उन्होंने कहा कि 2 सितंबर की अंतिम तिथि बीत जाने के बाद या ऑनलाइन माध्यम के अलावा किसी अन्य (ऑफलाइन) तरीके से भेजे गए आवेदन किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया