सिक्योंग पेंपा सेरिंग ने नेपाल के प्रधानमंत्री को लिखा बधाई पत्र

 


धर्मशाला, 30 मार्च (हि.स.)। निर्वासित तिब्बत सरकार के सिक्योंग पेंपा सेरिंग ने तिब्बती प्रशासन और तिब्बती जनता की ओर से नेपाल के नव निर्वाचित प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह को हार्दिक बधाई भेजी है। अपने बधाई पत्र में सिक्योंग ने लिखा कि हाल ही में हुए जनरेशन-जेड के नेतृत्व वाले आंदोलन के बाद सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में आपका उदय नेपाल की जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं का एक सशक्त प्रतीक है।

उन्होंने लिखा कि नेपाल और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक और आध्यात्मिक गहरे संबंध हैं जो पीढ़ियों से चले आ रहे हैं। तिब्बत पर जबरन कब्जे के बाद शरण पाने वाले नेपाल के तिब्बती समुदाय ने इन संबंधों को और मजबूत किया है। उन्होंने अपनी तिब्बती पहचान को संरक्षित रखते हुए नेपाल के सामाजिक और आर्थिक ताने-बाने में लंबे समय से योगदान दिया है। यह नेपाल सरकार और जनता की उदारता के कारण संभव हुआ है, जिसके लिए हम अत्यंत आभारी हैं।

उन्होंने कहा कि नेपाल के इतिहास के इस महत्वपूर्ण दौर में आपके नेतृत्व के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं हैं। आपके कुशल नेतृत्व में हम अपने लोगों के बीच मित्रता के निरंतर सुदृढ़ीकरण की आशा करते हैं और नेपाल के प्रगति, समृद्धि और सकारात्मक परिवर्तन की ओर अग्रसर होने की कामना करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया