भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में विधायक पठानिया ने प्रशासन को दिए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
धर्मशाला, 21 जुलाई (हि.स.)। कांगड़ा जिला के शाहपुर की बोह घाटी के धारकंडी क्षेत्र के सपेड़ा, घड़घु तथा आसपास के अन्य क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन होने और घरों में पानी घुसने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया क्षेत्र से बाहर होने के बावजूद लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रभावित परिवारों तक तुरंत पहुंचकर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही भूस्खलन के कारण बंद हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलकर यातायात शीघ्र बहाल करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने आश्वस्त किया कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया