बोह त्रासदी के प्रभावितों का मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री ने वीडियो कॉल से जाना कुशलक्षेम

 


धर्मशाला, 22 जुलाई (हि.स.)। शाहपुर विधानसभा के धारकंडी क्षेत्र के बोह, रौन, सपेड़ा और घड़घू में मूसलाधार बारिश से आई प्राकृतिक आपदा के प्रभावित परिवारों के बारे में मुख्यमंत्री और राजस्व मंत्री ने वीडियो कॉल से नुकसान की जानकारी ली है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावित परिवारों से बातचीत कर संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री ने शीघ्र ही प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने का भी आश्वासन दिया।

इस दौरान प्रदेश के बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावित परिवारों से बात कर उन्हें सांत्वना दी तथा प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रखने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि बीते दिन भारी बारिश ने बोह घाटी में खूब तबाही मचाई है। भूस्खलन और मलबे की चपेट में आने से डेढ़ दर्जन से अधिक घर और 9 गौशालाएं क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा पशुधन को भी नुकसान हुआ है। उधर उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि इस दुखद घड़ी में प्रदेश सरकार और कांग्रेस पार्टी हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से प्रभावित परिवारों का हालचाल जाना और भरोसा दिलाया कि कोई भी परिवार स्वयं को अकेला न समझे।

उन्होंने कांग्रेस पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटने के निर्देश दिए हैं। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री से उनकी विस्तृत चर्चा हुई है, जिसमें प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, रहने की व्यवस्था और आर्थिक सहायता सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है। विधायक ने कहा कि कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता राहत कार्यों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में पूरा प्रशासन, प्रदेश सरकार और कांग्रेस परिवार हर पीड़ित परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। जब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार का सुरक्षित पुनर्वास नहीं हो जाता, तब तक हरसंभव सहायता निरंतर जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया