लांझणी वासियों को मिली बस सेवा की सौगात, विधायक पठानिया ने दिखाई हरी झंडी
धर्मशाला, 17 अक्टूबर (हि.स.)। कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत लांझणी वासियों की वर्षों पुरानी बस सेवा की मांग पूरी हो गई है। स्थानीय विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को लांझनी के लिए इलेक्ट्रिक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह रही कि स्थानीय लोगों द्वारा मांग उठाए जाने के महज नौ दिन के भीतर बस सेवा शुरू करवा दी गई।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने कहा कि करीब सात-आठ दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने लांझणी के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग रखी थी। उन्होंने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए इसे जल्द पूरा करवाने के प्रयास किए, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रिक बस सुबह 8:10 बजे धर्मशाला से चलकर नरघोटा और लांझणी होते हुए टांडा पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 10 बजे टांडा से वापसी के दौरान भी बस इसी मार्ग से होकर वापस धर्मशाला पंहुचेगी। इस सेवा से स्थानीय लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
पठानिया ने बस सेवा शुरू करने में सहयोग के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से यह सुविधा क्षेत्रवासियों को उपलब्ध हो पाई है। उन्होंने कहा कि माता कुनाल पत्थरी जी के आशीर्वाद से यह सब संभव हो पाया है।
बस सेवा के शुभारंभ के बाद विधायक स्वयं स्थानीय लोगों के साथ बस में सवार होकर घरोह चौक तक पहुंचे। इस अवसर पर पंचायत प्रधान वनीता ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और समस्त पंचायत की ओर से लांझणी के लिए बस सेवा शुरू करवाने पर केवल सिंह पठानिया का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया