हिमाचल की बेटी ने दक्षिण कोरिया की सबसे ऊंची चोटी फतेह कर बढ़ाया प्रदेश का मान
धर्मशाला, 12 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल की बेटी ने दक्षिण कोरिया की सबसे ऊंची चोटी को फ़तेह कर तिरंगा लहराया है। कांगड़ा जिला के पालमपुर उपमंडल के लोअर खेड़ा गांव की बेटी रुचिका भंगलिया ने यह कारनामा कर दिखा दिया है कि अगर इंसान कुछ करने का ठान ले तो कोई भी बाधा उसका रास्ता नही रोक सकती। ट्रैकिंग की शौकीन 34 वर्षीय रुचिका भंगलिया दिल्ली में 'पहाड़न बेकर्स' की संस्थापक भी हैं। उन्होंने हाल ही में अपने ट्रैकिंग के शौक को जिंदा रखते हुए दक्षिण कोरिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी 'हल्लासन' को सफलतापूर्वक फ़तेह कर हिमाचल प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरान्वित किया है।
रुचिका ने बीते 8 जुलाई 2026 को लगभग 1,947 मीटर ऊंची इस विख्यात ज्वालामुखीय पर्वत चोटी तक सफलतापूर्वक पहुंचकर बड़ी उपलब्धि दर्ज की। 'हल्लासन' दक्षिण कोरिया की सबसे ऊंची चोटी है और वहां के प्रमुख प्राकृतिक एवं ट्रैकिंग स्थलों में गिनी जाती है।
गौरतलब है कि दिल्ली में रहते हुए अपना उद्यम 'पहाड़न बेकर्स' संचालित करने वाली रुचकिा लंबे समय से ट्रैकिंग और पर्वतारोहण की शौकीन है। उनका कहना है कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि हमिाचल की उन सभी बेटयों को समर्पति है जो अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखती है।
उधर रुचिका की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि गांव की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। रुचिका ने प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए एक मिसाल पेश की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया