नगरोटा महाविद्यालय में जल्द शुरू होंगी पीजीडीसीए कक्षाएं : आरएस बाली
धर्मशाला, 14 सितंबर (हि.स.)। नगरोटा बगवां में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धलूं में आयोजित जोनल अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह में पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शिरकत की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलकूद से शरीर के साथ-साथ मन भी स्वस्थ रहता है और बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है।
आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के सुदृढ़ीकरण के लिए 2.5 करोड़ की राशि वितरित की गई है, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं खेल सुविधाओं के रूप में मिलेगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धलूं के लिए 5 लाख, एक कबड्डी मैट तथा दो सोलर लाइटें उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा महाविद्यालय में जल्द ही पीजीडीसीए की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य जगभूषण ने बताया कि जोनल अंडर-19 पुरुष खेलकूद प्रतियोगिता में छह विभिन्न खेलों में 29 स्कूलों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के परिणामों में कबड्डी में पठियार स्कूल विजेता तथा नगरोटा बगवां स्कूल उपविजेता रहा। बैडमिंटन में होलीफील्ड पठियार स्कूल विजेता तथा समलोटी स्कूल उपविजेता रहा। वॉलीबॉल में नगरोटा स्कूल विजेता तथा जंदराह स्कूल उपविजेता रहा। इसी प्रकार चैस में होलीफील्ड स्कूल विजेता तथा बड़ोह स्कूल उपविजेता, जबकि रेसलिंग में पठियार स्कूल विजेता तथा धलूं स्कूल उपविजेता रहा। मार्च पास्ट में जसाई स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। मुख्य अतिथि आर एस बाली ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को मेडल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया