दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से हो पालन : डाॅ. राजीव भारद्वाज

 


धर्मशाला, 07 सितंबर (हि.स.)। लोकसभा सांसद डाॅ. राजीव भारद्वाज ने जिला कांगड़ा में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा जनजागरूकता को प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया है। सोमवार को जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रशासन, पुलिस, संबंधित विभागों के साथ-साथ आम जनता की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।

डाॅ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि देश में प्रतिवर्ष करीब डेढ़ लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते हैं। वर्ष 2026 में अब तक 87 लोगों की मृत्यु, 78 गंभीर तथा 359 मामूली चोटों के मामले सामने आए हैं।

सांसद ने कहा कि बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार करीब 93 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाओं में मानवीय भूल प्रमुख कारण सामने आती है। ऐसे में केवल चालान और दंड से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में 11 स्थानों पर इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) स्थापित किए गए हैं। उन्होंने अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी आईटीएमएस विकसित करने पर जोर दिया ताकि यातायात नियमों की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। उन्होंने आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पशु मालिकों को जागरूक करने तथा सड़कों पर पशुओं को खुला न छोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने को भी कहा।

डाॅ. भारद्वाज ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर यानी दुर्घटना के तुरंत बाद शुरुआती एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाना उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण हो सकता है। उन्होंने लोगों को दुर्घटना पीड़ितों की सहायता के लिए प्रेरित करने वाली गुड स्मार्टियंस (राह वीर योजना) के तहत दुर्घटना पीड़ित को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र तथा 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया