कांगड़ा में ट्रक पुल से नीचे गिरा, दो की मौत
धर्मशाला, 28 जुलाई (हि.स.)। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात 53 मील के पास एक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसे में जीवित चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक 53 मील और खोली को जोड़ने वाले पुल पर 16 टायरी ट्रक पुल की रेलिंग को तोड़ता हुआ नीचे खड्ड में जा गिरा, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक फरार हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रक पंजाब नंबर का है, जिसमें चालक सहित कुल तीन लोग सवार थे। जब ट्रक पुल से गुजर रहा था, उसी समय यह हादसा पेश आया।
उधर पुलिस के अनुसार ट्रक में चालक समेत कुल तीन लोग थे, जिसमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया