शाहपुर में सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत, तीन अन्य घायल
धर्मशाला, 28 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई है। यह हादसा मैक्लोडगंज पुलिस थाना के तहत धारकंडी मार्ग पर घेरा गांव के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। मृतकों में एक स्थानीय अध्यापक भी हैं, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिये टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग निजी समारोह से वापिस आ रहे थे।
दुर्घटना का पता सुबह उस समय चला जब स्थानीय लोग सड़क मार्ग से गुजर रहे थे। उन्होंने गहरी खाई में एक क्षतिग्रस्त कार देखी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। आशंका है कि यह हादसा रात के अंधेरे में हुआ और घायलों को घंटों तक मदद नहीं मिल पाई।
उधर एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान 40 वर्षीय कारन बहादुर और 18 वर्षीय करीना देवी के रूप में हुई है। तीन अन्य को घायल अवस्था में खाई से बाहर निकाला गया। सुबह राहगीरों ने पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया