शाहपुर में खाई में गिरी मोटरसाइकिल, तीन युवाओं की मौत

 




धर्मशाला, 05 सितंबर (हि.स.)। कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में बीती देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा भलेड़ पावर हाउस के समीप देर रात उस समय हुआ जब मोटर साइकिल के खाई में जा गिरी। मृतकों की पहचान अशोक कुमार, प्रिंस तथा पवन कुमार के रूप में हुई है जोकि दरीणी पंचायत के झुनेना गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर मृतकों के शव खाई से बाहर निकाले और पोस्टमार्टम के लिए धर्मशाला अस्पताल भेज दिया गया। उधर इस दुखद हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विधायक केवल सिंह पठानिया ने शोक संतप्त परिवारों से की मुलाकात

वहीं हादसे की सूचना मिलते ही उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विधायक ने तीनों मृतकों के पोस्टमार्टम के संबंध में धर्मशाला में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से दूरभाष पर बातचीत की तथा शवों को धर्मशाला ले जाने के लिए आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित करवाई। इस दौरान नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष राजीव पटियाल, पार्षद अभिषेक माथुर, पूर्व पार्षद शुभम ठाकुर सहित अन्य स्थानीय लोग भी सिविल अस्पताल शाहपुर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक केवल सिंह पठानिया ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया