कांगड़ा में फोरलेन पर दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत
धर्मशाला, 10 जुलाई (हि.स.)।
कांगड़ा में दौलतपुर के समीप फोरलेन पर शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बाइक के सामने अचानक एक पशु आ गया। पशु को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार निवासी रजियाणा बांध के रूप में हुई है। युवक कांगड़ा स्थित आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत था। पुलिस ने हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक के सामने अचानक पशु आने के कारण यह दुर्घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है। युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया