धर्मशाला में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, एक घायल

 

धर्मशाला, 12 अप्रैल (हि.स.)। धर्मशाला-शाहपुर सड़क मार्ग पर सुधेड़ गांव के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपाशु जागिड़ (21), पुत्र सोहन लाल शर्मा, निवासी जोधपुर (राजस्थान) अपने साथी कबीर सैनी (21), पुत्र नरेश सैनी, निवासी भक्ति नगर, रेवाड़ी (हरियाणा) के साथ बाइक पर सवार होकर जालंधर से धर्मशाला घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि आज दोनों युवक धर्मशाला से करेरी गांव की ओर जा रहे थे तभी सुधेड़ के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला ले जाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान दीपाशु ने दम तोड़ दिया, जबकि कबीर सैनी की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस थाना धर्मशाला में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कल जोनल अस्पताल धर्मशाला में करवाया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया