तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला की मौत, बेटा घायल

 

धर्मशाला, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पर्यटन नगरी धर्मशाला के समीप जुहल क्षेत्र में शुक्रवार बीती रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाले सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि उसका बेटा गंभीर घायल है। पुलिस ने मामल दर्ज कर आगामी कार्यवाही की है। पुलिस के मुताबिक बीती देर रात एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी पर जा रहे मां-बेटे को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

घटना शुक्रवार रात करीब 11:35 बजे की है, जब दाडनू निवासी 38 वर्षीय वेद प्रकाश अपनी माता दुर्गेश कुमारी के साथ स्कूटी पर सवार होकर खनियारा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे जुहल गांव के पास एक्सप्रेसो बार के समीप पहुंचे, खनियारा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार (एचआर 48सी-5677) ने लापरवाही और गलत दिशा में आकर उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के अनुसार कार की गति इतनी अधिक थी कि स्कूटी सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में चालक वेद प्रकाश को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन उनकी माता दुर्गेश कुमारी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गई थीं। दुर्भाग्यवश अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। फिलहाल पुलिस जोनल अस्पताल में मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।

धर्मशाला पुलिस ने इस मामले में आरोपी कार चालक साहिल (21 वर्ष), निवासी खैरा खुर्द, जिला मानसा (पंजाब) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 281 और 125(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया