धर्मशाला में सड़क हादसे में युवक की मौत मामले में जांच शुरू

 

धर्मशाला, 30 जून (हि.स.)। पुलिस थाना धर्मशाला के अंतर्गत नरघोटा क्षेत्र में बीते दिनों हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय अक्षय कोड़ा की मौत के मामले में अब प्रशासन ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। गौर है कि मृतक युवक के परिजन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से धर्मशाला में मिले और हादसे की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग उठाई थी।

इस संबंध में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि हादसे की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में यह देखा जाएगा कि दुर्घटना का कारण चालक की कोई चूक, वाहन का मैकेनिकल फेलियर या कोई अन्य वजह तो नहीं थी। इसके साथ ही सड़क की डिजाइन में किसी प्रकार की खामी रही है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। डीसी ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत राशि उपलब्ध करवा दी गई है और आपदा राहत नियमावली के तहत देय पूरा मुआवजा भी शीघ्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।

हेमराज बैरवा ने बताया कि सड़क डिजाइन में संभावित खामियों को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यदि जांच में यह सामने आता है कि सड़क की खामी हादसे का कारण बनी, तो संबंधित कमियों के खिलाफ प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साइन बोर्ड नहीं होने के कारण हादसा होने संबंधी परिजनों के आरोपों पर डीसी ने कहा कि यह जांच का विषय है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया