सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक को न्याय की मांग, निकाला कैंडल मार्च
धर्मशाला, 06 जुलाई (हि.स.)। धर्मशाला में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवक अक्षय कोड़ा को न्याय दिलाने की मांग अब और तेज हो गई है। सोमवार को परिजनों, दोस्तों और स्थानीय लोगों ने धर्मशाला में कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत अक्षय जोड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर लोक निर्माण विभाग के दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मृतक के भाई शिवेक कोड़ा ने बताया कि यह कैंडल मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण था।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है और परिवार को उम्मीद है कि उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि मार्च का उद्देश्य केवल श्रद्धांजलि देना ही नहीं, बल्कि प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मामले की ओर आकर्षित करना भी था ताकि जांच में अनावश्यक देरी न हो।
शिवेक कोड़ा ने आरोप लगाया कि जिस सड़क पर हादसा हुआ, वहां लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन संबंधित विभाग ने समय रहते आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा उपाय नहीं किए। उन्होंने मांग की कि विभागीय जांच जल्द पूरी कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि आज जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा है। प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया है।
परिवार का कहना है कि उनकी सबसे बड़ी मांग यही है कि सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही पर सख्ती हो, क्योंकि सड़कें दोबारा बन सकती हैं, लेकिन किसी परिवार का खोया हुआ बेटा कभी वापस नहीं आ सकता।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया