सड़क हादसे में कार चालक व कार की पहचान
धर्मशाला, 09 नवंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पुलिस थाना डमटाल की टीम ने गांव थपकौर में हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मृत्यु के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दुर्घटना में संलिप्त वाहन एवं उसके चालक की पहचान कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात्रि करीब 9:30 बजे गांव थपकौर स्थित सीएस होटल के बाहर एक सड़क दुर्घटना हुई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, जहां मोटरसाइकिल संख्या पीबी35 डब्ल्यू 5731 क्षतिग्रस्त अवस्था में सड़क पर पड़ी मिली तथा उसका चालक मृत अवस्था में पाया गया। मृतक की पहचान राज कुमार पुत्र प्रकाश चन्द, निवासी वार्ड नम्बर 5, थपकौर, डाकघर भदरोया, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई। इस संबंध में पुलिस थाना डमटाल में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए तथा गहन जांच के दौरान दुर्घटना में संलिप्त सफेद रंग की मारुति सुजुकी आई 20 कार, पंजीकरण संख्या एचपी-97ए-8715 की पहचान की। साथ ही वाहन चालक की पहचान सुमित कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी गांव गगवाल, डाकघर भदरोया, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा, उम्र 41 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा उक्त वाहन चालक को डिटेन कर धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया गया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है तथा दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस जिला नूरपुर आम जनता से अपील करती है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा एवं यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। तेज रफ्तारी एवं लापरवाही से वाहन चलाना किसी की जान के लिए घातक साबित हो सकता है। सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की सहायता करें तथा तुरंत पुलिस को सूचित करें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया