सेवानिवृत्त पटवारियों के पुनर्नियोजन के लिए 10 अगस्त तक आवेदन
धर्मशाला, 23 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्य प्राणी वृत्त (उत्तर), धर्मशाला ने रिक्त पटवारी पदों पर पुनर्नियोजन (री-एंगेजमेंट) के लिए पात्र सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित 10 अगस्त 2026 तक कार्यालय समय के दौरान कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
मुख्य अरण्यपाल वन्य प्राणी वृत्त (उत्तर) धर्मशाला ने बताया कि विभाग द्वारा कुल दो पटवारी पद भरे जाएंगे। इनमें एक पद डीएफओ वन्य प्राणी मंडल हमीरपुर तथा एक पद वन्य प्राणी मंडल चंबा में तैनाती के लिए है। चयनित अभ्यर्थियों को 40 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
आवेदन के लिए अभ्यर्थी का हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग के किसी भी विंग से सेवानिवृत्त अधिकारी होना तथा न्यूनतम पांच वर्ष की सेवा पूरी करना आवश्यक है। आवेदन के समय उसके विरुद्ध कोई विभागीय, अनुशासनात्मक अथवा सतर्कता संबंधी मामला लंबित नहीं होना चाहिए। पुनर्नियोजन के लिए अधिकतम आयु सीमा 65 वर्ष निर्धारित की गई है।
पुनर्नियोजन प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए किया जाएगा, जिसे आवश्यकता एवं कार्य प्रदर्शन के आधार पर बढ़ाया जा सकता है। यदि आवेदनों की संख्या रिक्तियों से अधिक होती है तो कम आयु वाले पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। पुनर्नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी होगी तथा नियमित अधिकारियों की उपलब्धता या अन्य निर्धारित परिस्थितियों में इसे समाप्त किया जा सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया