राम मंदिर चंदा चोरी मामले में धर्मशाला में कांग्रेस का प्रदर्शन, मंदिर में किया हनुमान चालीसा का पाठ
धर्मशाला, 14 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा चोरी मामले को लेकर मंगलवार को जिला कांगड़ा कांग्रेस ने धर्मशाला में विरोध प्रदर्शन किया। कांगड़ा जिला अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए धर्मशाला पोस्ट ऑफिस चौराहे पर एकत्रित हुए। यहां से कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कचहरी अड्डा स्थित हनुमान मंदिर तक रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान माहौल पूरी तरह गरमाया रहा और बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट नजर आए।
उधर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में कथित चंदा गड़बड़ी का मामला देश-दुनिया के करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से जुड़ा है। उन्होंने भगवान के नाम पर एकत्र किए गए धन में पारदर्शिता और पूरे घोटाले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच की मांग की ताकि सच जनता के सामने आ सके।
धर्मशाला में रैली निकालने के बाद सभी कांग्रेस कार्यकर्ता कचहरी अड्डा स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर अपना विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे।
हनुमान मंदिर में माथा टेकने के बाद कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने भजन-कीर्तन किया। इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांगड़ा से जुड़े कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता और सुक्खू सरकार के नुमाइंदे एक मंच पर उपस्थित रहे।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से युवा एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा, विधायक आशीष बुटेल, संजय रत्न, केवल सिंह पठानिया, किशोरी लाल और मलेंद्र राजन शामिल हुए। इनके अलावा पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर सहित जिला कांगड़ा से संबंधित विभिन्न निगमों व बोर्डों के चेयरमैन, वाइस चेयरमैन और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया