राज्यसभा के लिए नामित अनुराग शर्मा 10 मार्च को पंहुचेंगे अपने गृह क्षेत्र बैजनाथ

 


धर्मशाला, 08 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा के लिए नामांकन भरने वाले कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा को सोमवार को शिमला में विधानसभा द्वारा निर्वाचन का प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। सोमवार को दोपहर बाद 2 बजे राजीव भवन शिमला में उनके स्वागत में एक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है जिसमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित पूरा मंत्रिमंडल, विधायक और अन्य नेता भाग लेंगे। वहीं 10 मार्च मंगलवार को अनुराग शर्मा शिमला से अपने गृह विधानसभा क्षेत्र बैजनाथ के लिए रवाना होंगे। बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के प्रवक्ता अंकित सूद ने बताया कि 10 मार्च को अनुराग शर्मा शिमला से अपने गृह क्षेत्र बैजनाथ के लिए रवाना होंगे और मंडी से उन्हें गाड़ियों के काफिले के साथ बैजनाथ तक लाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जीवन ठाकुर की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह 10 बजे उनका स्वागत करेंगे। इसी तरह चौंतड़ा, सुखबाग, चौगान चौक, लैंडिंग साइट पर बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वागत किया जाएगा। उसके बाद मुकुट नाथ मंदिर संसाल में माथा टेकने के बाद ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में पूजा अर्चना करेंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा और मंदिर में पूजा अर्चना की जाएगी। इसके बाद बीड़ रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और व्यापार मंडल के सदस्य उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद तलकेहड़ में उनका स्वागत किया जाएगा तथा उसके बाद तिब्बती समुदाय द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। वहीं शाम को होली मेला बीड़ के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे।

एसोसिएशन के प्रवक्ता अंकित सूद ने बताया कि 13 मार्च को अनुराग शर्मा के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर के उपलक्ष में बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के द्वारा बीड़ में एक प्रीतिभोज का आयोजन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया