पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस 1,01,584 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
धर्मशाला, 28 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कांगड़ा जिले में आयोजित सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के प्रथम दिवस जिले में कुल 1,01,584 बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन की खुराक सफलतापूर्वक पिलाई गई। अभियान के दौरान 99,144 बच्चों का टीकाकरण विभिन्न पोलियो बूथों पर किया गया। इसके अतिरिक्त यात्रा कर रहे बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्थापित ट्रांजिट प्वाइंट्स पर 1,438 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। वहीं उच्च जोखिम क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर 992 बच्चों का टीकाकरण किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के प्रथम दिवस में निर्धारित सभी पोलियो बूथों, ट्रांजिट प्वाइंट्स तथा उच्च जोखिम क्षेत्रों में टीकाकरण गतिविधियां सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनका बच्चा प्रथम दिवस टीकाकरण से छूट गया हो तो आगामी घर-घर सर्वेक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करें तथा प्रत्येक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं। जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों से ही पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को स्थायी बनाए रखा जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया