पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस का प्रदर्शन, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
धर्मशाला, 23 मई (हि.स.)। देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों तथा इसके चलते आम जनता पर बढ़ रहे महंगाई के बोझ के खिलाफ शनिवार को धर्मशाला ब्लॉक कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस महासचिव देवेंद्र जग्गी के नेतृत्व तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर ईंधन कीमतों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि लगातार बढ़ती पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने आम लोगों का जीवन प्रभावित कर रहा है। ईंधन की कीमतों में वृद्धि का असर केवल वाहनों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसका सीधा प्रभाव देश की पूरी अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों के दैनिक जीवन पर पड़ता है। माल ढुलाई महंगी होने से बाजार में खाद्य पदार्थों, सब्जियों, फलों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही ईंधन की कीमतों को नियंत्रित करने और महंगाई कम करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो पार्टी जनता को साथ लेकर अपने आंदोलन को और व्यापक तथा तेज करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया