नूरपुर पुलिस ने नशा तस्कर की 3 करोड़ 32 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

 


धर्मशाला, 10 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के विरुद्ध चलाये गये अभियान के अन्तर्गत एक नशा तस्कर की 3.32 करोड़ की संपत्ति को जब्त किया है। नूरपुर पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्यवाही अमल में लाते हुये पुलिस थाना डमटाल में 29 दिसम्बर 2025 को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में आरोपी नशा तस्कर बलविंदर उर्फ बिल्ला पुत्र ज्ञान चंद, निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के खिलाफ यह कार्रवाई की है।

गौरतलब है कि उक्त आरोपी के कब्जे से 1 किलोग्राम 852 ग्राम चरस बरामद करके उसको गिरफतार किया गया था। बाद में इस मामले में जांच के दौरान आरोपी की चल व अचल संपत्ति की वित्तीय जांच अमल में लाई गई। जांच के दौरान मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित आय से संबंधित संदिग्ध संपत्तियों की पहचान की गई। उपलब्ध तथ्यों के आधार पर संबंधित अचल संपत्तियों, होटल-कम-रेस्तरां, दुकानों, मोटर वाहन एवं बैंक खातों में उपलब्ध धनराशि को अस्थायी रूप से फ्रीज़ किया गया। इस वित्तीय जांच के दौरान आरोपी की कुल संपत्ति जिसका मूल्य करीब 3.32 करोड़ पाया गया, को फ्रीज़ किया गया था।

जिला पुलिस नूरपुर द्वारा इस जांच के आधार पर आरोपी की संपत्ति को फ्रीज़ कर रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भेजी गई। सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली द्वारा जिला पुलिस नूरपुर की जांच को सही मानते हुये उपरोक्त आरोपी द्वारा नशे के अवैध व्यापार से अर्जित की गई संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की गई है।

नूरपुर पुलिस नशा तस्करों की अब तक करीब 30 करोड़ की संपत्ति कर चुकी है जब्त

जिला पुलिस नूरपुर द्वारा 10 सितंबर 2026 तक कुल 17 मामलों में नशे के अवैध कारोबार में शामिल आरोपियों की 29,95,92,857 रुपये की संपत्ति जब्त करवाई जा चुकी है। इसके साथ ही कुछ अन्य मामले भी सक्षम प्राधिकारी दिल्ली के समक्ष विचाराधीन है। जिला पुलिस नूरपुर का नशे के कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया