नूरपुर ने वन माफिया से बरामद किए खैर की लकड़ी के 84 मौछे, 9 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज

 


धर्मशाला, 09 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा अवैध कटान एवं वन संपदा की तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई कार्रवाई के तहत पुलिस थाना डमटाल की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दो वाहनों से खैर की लकड़ी के 84 मौछे (लट्ठे) तथा पेड़ काटने के आधुनिक उपकरण बरामद कर 9 आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

मंगलवार बीती देर रात पुलिस थाना डमटाल की टीम क्षेत्र में गश्त व नाकाबंदी पर तैनात थी। इस दौरान इंदौरा मोड़ (पठानकोट-मुकेरियां मार्ग) पर डमटाल की ओर से आ रही एक इनोवा कार (नम्बर पीबी08 बीएल-9788) तथा एक बिना नम्बरी पिकअप गाड़ी को जांच हेतु रोका गया। संदेह होने पर दोनों वाहनों की गहनता से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों गाड़ियों से खैर की लकड़ी के कुल 84 मौछे बरामद हुए जिनमें पिकअप में 76 और इनोवा में 8 मौछे भरे हुए थे। इसके अतिरिक्त वाहन से एक इलेक्ट्रिक कटर, 10 बैटरियां व 3 चेन भी बरामद की गईं। वाहनों में सवार व्यक्ति खैर की लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

मौके पर वन विभाग के अधिकारियों को बुलाकर लकड़ी की नियमानुसार पैमाइश करवाई गई तथा दोनों वाहनों, उपकरणों व लकड़ी को कब्जे में लिया गया। इस संदर्भ में पुलिस थाना डमटाल में बीएनएस की विभिन्न धाराओं सेहत भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पकड़े गए आरोपियों में राहुल कुमार, पुत्र हरबंस लाल, निवासी गांव राम नंगल, डाकघर तलवाड़ा, तहसील मुकेरियां, जिला होशियारपुर, पंजाब, गुरप्रीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह, निवासी गांव देहरीवाल, डाकघर बस्सी जलाल, तहसील दसूहा, जिला होशियारपुर, पंजाब, विकास शर्मा पुत्र राम लाल, निवासी गांव बनाड़, डाकघर होरी देवी, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा, गोविन्द पुत्र बहादुर सिंह, निवासी वार्ड नं. 9, गांव व डाकघर डमटाल, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा, बलविन्द्र सिंह उर्फ बन्टी पुत्र मलकीयत सिंह, निवासी गांव धनाड़ा, डाकघर हटली, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा, विशाल पुत्र जंग बहादुर, निवासी वार्ड नं. 9, गांव व डाकघर डमटाल, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा, अजय कुमार पुत्र चैन सिंह, निवासी गांव व डाकघर इन्दपुर, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा, ओम प्रकाश पुत्र बिहारी लाल, निवासी गांव व डाकघर इन्दपुर, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा तथा अनिल कुमार पुत्र बिहारी लाल, निवासी गांव व डाकघर इन्दपुर, तहसील इन्दौरा, जिला कांगड़ा शामिल हैं।बमामले की आगामी जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया