नगरोटा पुलिस ने लापता नाबालिग को गुजरात से किया बरामद

 

धर्मशाला, 03 मार्च (हि.स.)। कांगड़ा जिला के नगरोटा बगवां पुलिस थाना के तहत घर से भागे नाबालिग को पुलिस ने गुजरात के वडोदरा से सकुशल बरामद कर लिया है। गौरतलब है कि उत्तरप्रदेश के जिला गोरखपुर निवासी जो वर्तमान में तहसील नगरोटा बगवां, जिला कांगड़ा में रह रहे हैं, ने थाना नगरोटा बगवां में शिकायत दर्ज करवाई कि उनका 14 वर्षीय बेटा, जो रेनवो स्कूल नगरोटा बगवां में कक्षा 8वीं का छात्र है, 26 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 8 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, परंतु स्कूल नहीं पहुंचा। साथ ही वह अपने साथ लगभग 60 हजार रूपये नकद भी ले गया था।

शिकायत के आधार पर थाना नगरोटा बगवां में 16 फरवरी को मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए विभिन्न राज्यों गुजरात, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश में विशेष टीमें रवाना की गईं। तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप उक्त नाबालिग को वडोदरा (गुजरात) से सुरक्षित बरामद किया गया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत बालक को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया