पुलिस पैंशनर वेल्फेयर एसोसिएशन की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
धर्मशाला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पुलिस पैंशनर वेल्फेयर एसोसिएशन जिला कांगड़ा ईकाई की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को एसपी कार्यालय के सभागार में एएसपी कांगड़ा राजेंद्र जसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। एसोसिएशन के प्रधान मनोज वालिया ने बताया कि इस बैठक में क्षेत्र के करीब 60 सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और कल्याणकारी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया।
उन्होंने बताया कि बैठक में पिछली कार्यवाही में उठाए गए मुद्दोें पर समीक्षा की गई व उनकी वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान पुलिस पैंशनरों की मांगों जिनमें बताया गया कि पुलिस पैंशनर अधिकारी कर्मचारियों के मृत्यु पर परिवार को कोई आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है। एएसपी कांगड़ा के माध्यम से पुलिस मुख्यालय शिमला को पत्र भेजा है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अलावा 2022 के पत्र के अनुसार सभी जिलों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की मृत्यु पर 'गार्ड ऑफ ऑनर' का प्रावधान लागू करने की मांग, पुलिस कैंटीन में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए गाड़ियों और शराब (लिकर) की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग, कोर्ट एविडेंस और भत्ता, 2016-2022 के बीच के मैडिकल बिलों, डीए एरियर की किश्तों और अन्य वित्तीय लाभों के जल्द भुगतान की मांग की गई है।
इसके अलावा पुलिस पैंशनरों की डी.आई.जी. स्तर की मीटिंग साल में दो बार करवाने, आंखों के ऑपरेशन की राशि बढ़ाने, थानों में सेवानिवृत्त कर्मचारियों की सूची लगाने आदि मांगों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान पुलिस कार्यालय द्वारा पुलिस पैंशनरों की मांगों को पुलिस हैडक्वाटर व सरकार के स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया