पंचायती राज चुनाव के लिए नूरपुर पुलिस ने पूरे किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 800 सुरक्षाकर्मी तैनात
धर्मशाला, 23 मई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत आने वाले चारों विकास खंडों इन्दौरा, फतेहपुर, नगरोटा सूरियां और नूरपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा एक सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की गई है।
चुनावी सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 800 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, जिसमें करीब 500 पुलिस कर्मी और 300 होमगार्ड शामिल हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिएक्शन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। चारों ब्लॉक्स की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला नूरपुर सहित 3 उप-मंडल अधिकारियों को सौंपा गया है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत 4 उपमंडलों इन्दौरा, फतेहपुर, नगरोटा सूरियां और नूरपुर में कुल 219 पंचायतें हैं जिनमें 585 पोलिंग स्टेशन तथा 1369 पोलिंग बूथ हैं। वहीं इनमें से 183 अति-संवेदनशील बूथ, 287 संवेदनशील जबकि 899 सामान्य बूथ शामिल हैं। उन्होंने बताया की राज्य चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुसार मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित किया गया है।
प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती मतदान समाप्ति के तुरंत बाद संबंधित पंचायत स्तर पर ही की जाएगी। जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के मतों की गिनती के लिए 31 मई की तिथि निर्धारित की गई है, जिसके लिए सभी चार ब्लॉक्स में मतगणना केंद्र व स्ट्रांग रूम स्थापित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त चुनाव ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुचारू संचालन के लिए एक विशेष गाइड बुकलेट 'दिग्दर्शिका' और महत्वपूर्ण संपर्क नंबर जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नूरपुर पुलिस सभी मतदाताओं से शांतिपूर्वक और निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया