नूरपुर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी का शिकार महिला के 28,500 करवाए वापस

 


धर्मशाला, 11 सितंबर (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर द्वारा साइबर अपराधों से जुड़े मामलों पर तत्परता से की जा रही कार्रवाई के तहत नूरपुर पुलिस के अंतर्गत पुलिस थाना रेहन की टीम ने त्वरित तकनीकी सहायता से यूपीआई फ्रॉड की शिकार हुई एक महिला के 28,500 वापस (रिफंड) करवाए हैं।

गौरतलब है कि बीते 2 सितंबर 2026 को शिकायतकर्ता आशा देवी, निवासी गांव बरी, डाकघर बारी, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि एक अनजान कॉलर द्वारा झांसा देकर उनके बैंक खाते से कुल 32,500 की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है।

शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस थाना रेहन की टीम द्वारा मामले में आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया शुरू की गई। संबंधित पोर्टल/एमआरएम के माध्यम से संपर्क साधकर ट्रांजेक्शन को ट्रैक किया गया। पुलिस टीम के इन प्रयासों से फ्रॉड की गई राशि में से 28,500 पीड़ित महिला के बैंक खाते में सुरक्षित वापस करवा दिए गए हैं।

नूरपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन कॉल या संदेश पर विश्वास न करें। किसी के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें और न ही अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी विवरण किसी से साझा करें। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया