कांगड़ा में तेज रफ्तार और हुड़दंगी बाइकर्स पर पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 168 चालान

 

धर्मशाला, 01 नवंबर (हि.स.)।

कांगड़ा जिला में तेज रफ्तार बाइक चलाने, नंबर प्लेट छिपाने और यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नंबर प्लेट के बिना या खराब नंबर प्लेट लगाकर घूमने वाले करीब 154 वाहनों के चालान किए गए हैं। वहीं, शनिवार को एक ही दिन में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 168 चालान किए गए और 10 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस की ओर से कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर और बैजनाथ के शहरी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। नंबर प्लेट पर टेप लगाकर या अन्य तरीके से नंबर छिपाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि दिवाली के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने, तेज रफ्तार से वाहन चलाने और सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

उन्होंने बताया कि धर्मशाला में एकीकृत यातायात प्रबंधन प्रणाली (आईटीएमएस) के माध्यम से भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान किए जा रहे हैं। इनमें बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ओवरस्पीडिंग के मामले प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। एसपी ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया