इंजीनियरिंग का सपना होगा साकार, पीएटी और लीट-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
धर्मशाला, 01 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश के युवाओं के लिए इंजीनियरिंग क्षेत्र में भविष्य बनाने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। बोर्ड द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा (पीएटी-2026) और पार्श्विक प्रवेश परीक्षा (लीट-2026) की घोषणा कर दी गई है। जो छात्र डिप्लोमा इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष या सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश लेना चाहते हैं, वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश परीक्षाओं के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा (पीएटी-2026) का आयोजन 17 मई, 2026 (रविवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक किया जाएगा। वहीं, पार्श्विक प्रवेश परीक्षा (लीट-2026) की परीक्षा 24 मई, 2026 (रविवार) को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक अप्रैल से शुरू हो चुकी है। पीएटी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 5 मई और लीट के लिए 6 मई निर्धारित की गई है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि समय पर आवेदन न करने वाले अभ्यर्थी ऑनलाइन परामर्श (काउंसलिंग) के पहले और दूसरे चरण के लिए पात्र नहीं होंगे।
शुल्क संरचना और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए बोर्ड ने बताया कि सामान्य श्रेणी के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग की श्रेणियों के लिए 500 रुपये रखा गया है। अभ्यर्थी इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई के माध्यम से इस शुल्क का भुगतान कर सकते हैं। आवेदन करते समय छात्रों को अपनी स्कैन की हुई फोटो और हस्ताक्षर तैयार रखने होंगे।
सहायता और मार्गदर्शन के लिए बोर्ड ने अभ्यर्थियों को विशेष सुविधाएं भी प्रदान की हैं। यदि किसी छात्र या अभिभावक को आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की जानकारी या तकनीकी सहायता की आवश्यकता है, तो वे अपने नजदीकी पॉलिटेक्निक या औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में जाकर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, बोर्ड द्वारा जारी सहायता केंद्र नंबर अथवा आधिकारिक ईमेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया