बिलिंग से टेंडम उड़ान भरने के बाद ग्लाइडर से जंगल मे गिरा नोएडा का पर्यटक, मौत
धर्मशाला, 11 नवंबर (हि.स.)। पैराग्लाइडिंग के लिए विश्वविख्यात बीड़ बिलिंग घाटी में एक बार फिर हादसा होने से एक पर्यटक की मौत हो गई। हादसा उस समय पेश आया जब टेंडम उड़ान भरने के बाद एक पर्यटक पैराग्लाइडर से नीचे गिर गया और उसकी दुखद मौत हो गई। मृतक पर्यटक की पहचान शुभम (26) निवासी नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस थाना में पायलट के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
एक माह में चौथा हादसा
कांगड़ा जिले में एक माह के भीतर पैराग्लाइडिंग से जुड़ी यह चौथी घटना है। इससे पूर्व 25 अक्टूबर को धर्मशाला के समीप खनियारा-योल क्षेत्र में हादसे में बुल्गारिया के पायलट की मौत हो गई थी। 21 और 24 अक्टूबर को बीड़ से उड़ान भरने के बाद पहाड़ियों में फंसे दो पर्यटकों को सुरक्षित बचाया गया था।
यह हादसा मंगलवार शाम को पेश आया था। हालांकि पर्यटक को ढूंढने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया था। दुर्गम इलाकों और अंधेरा होने के बावजूद देर शाम तक तलाश जारी रही तथा अथक प्रयासों के बाद पर्यटक का शव बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक आशंका है कि पर्यटक के पैरों को सुरक्षित रखने वाले पट्टे खुलने की बजह से हादसा पेश आया था। इसके अलावा तकनीकी खराबी या मानवीय चूक की जांच भी की जा रही है।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि युवक अपने चार भाई-बहनों के साथ घूमने आया था। इन सभी में शुभम सबसे बड़ा है जिसकी इस हादसे में दुखद मौत हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया